विद्युत केबल चोरी कर ले जाते तीन गिरफ्तार
रूद्रपुर । बिछाई गई विद्युत केबल तार चोरी कर ले जाते तीन लोगों को विभाग की गश्ती टीम ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सचिन कुमार पुत्र गुलाब सिंह निवासी डिवाइन कालोनी सनसीटी होम धर्मपुर हाल अवर अभियन्ता निर्माण निगम सिडकुल पंतनगर सेवा सिडकुल पतंनगर ने कहा है कि वह अवर अभियन्ता निर्माण निगम पद पर तैनात है। 23 जनवरी को वह सुपरवाइजर सुरेश सिंह व गार्ड ओम प्रकाश के साथ सिडकुल पंतनगर में निर्माण निगम द्वारा बिछायी गयी विद्युत केवल की चैकिंग के लिये गश्त कर रहा था। सिडकुल ढाल से पहले ट्रक पार्किंग के पास पहुंचे तो देखा कि तीन व्यक्ति निर्माण निगम सिडकुल द्वारा बिछायी केवल तार को काट कर तीन कट्टो में भरकर सड़क के किनारे किनारे कल्याणी नदी की ओर जा रहे थे। जिस पर तीनो व्यक्तियों का पीछा कर कल्याणी नदी के किनारे पकड़ लिया। नाम पता पूछा तो उन्होंने प्रिन्स नारंग उर्फ शेरा पुत्र रोशन लाल निवासी वार्ड नं0 19 पक्का खेड़ा रुद्रपुर, सचिन गंगवार पुत्र विनोद कुमार हाल निवासी शिमला बहादुर ट्रांजिट कैम्प स्थाई निवासी ग्राम बोंडा थाना बहेडी बरेली तथा प्रकाश सरकार पुत्र परिमल सरकार निवासी गîक्का काॅलोनी शास्त्री नगर ट्राजिट कैम्प बताया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद कट्टों में चुराई गई विद्युत केबल बरामद हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।