उपप्रधान संगठन की जिला कार्यकारिणी का गठन, तनुजा गुप्ता को मिली जिलाध्यक्ष की कमान,जिलेभर के उपप्रधानों को एकजुट कर अधिकारों और समस्याओं की लड़ाई मजबूत करने का संकल्प, सतनाम सिंह जिला महामंत्री और साधना बनीं कोषाध्यक्ष।
10 अगस्त, 2026
Edit
उप प्रधान संगठन उधमसिंहनगर की जिला अध्यक्ष तनुजा गुप्ता।
रुद्रपुर/ऊधमसिंह नगर:(चरनसिंह सरारी) जिला पंचायत भवन स्थित कार्यालय में सोमवार को उपप्रधान संगठन की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे उपप्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्षों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बैठक में संगठन को जिलेभर में और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के साथ-साथ जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान पदाधिकारियों के चयन को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला अध्यक्ष के चयन के लिए कम से कम चार ब्लॉक अध्यक्षों की सहमति आवश्यक होगी। इसी प्रक्रिया के तहत बाजपुर, गदरपुर और खटीमा सहित अन्य ब्लॉक अध्यक्षों ने सितारगंज ब्लॉक अध्यक्ष तनुजा गुप्ता के नाम पर अपनी सहमति जताई। सभी की सहमति के बाद तनुजा गुप्ता को उपप्रधान संगठन ऊधमसिंह नगर का जिलाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। उनके जिलाध्यक्ष चुने जाने पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। जिला कार्यकारिणी में सतनाम सिंह को जिला महामंत्री तथा साधना को जिला कोषाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष तनुजा गुप्ता ने कहा कि जिले के सभी विकासखंडों में कार्यरत उपप्रधानों को एक मंच पर लाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में उपप्रधानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन कई बार उन्हें अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों से जुड़े मामलों में विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संगठन उपप्रधानों की समस्याओं, अधिकारों और सम्मान को लेकर मजबूती से आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी ब्लॉक के उपप्रधान की समस्या को अकेले की समस्या नहीं माना जाएगा, बल्कि संगठन के माध्यम से सामूहिक रूप से संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष उठाकर उसके समाधान का प्रयास किया जाएगा। बैठक में मौजूद ब्लॉक अध्यक्षों ने भी संगठन में आपसी समन्वय और एकजुटता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन के माध्यम से ही उपप्रधानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है। पदाधिकारियों ने ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने, उपप्रधानों के अधिकारों की जानकारी बढ़ाने तथा ब्लॉक स्तर पर संगठन की गतिविधियों को और सक्रिय करने पर भी जोर दिया। जिला कार्यकारिणी के गठन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सदस्यों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी जिलेभर के उपप्रधानों को एकजुट करने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराएगी। बैठक के समापन पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया और संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।