कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस को लेकर सितारगंज पुलिस का बड़ा एक्शन, दो दिन में 240 वाहनों के चालान, 13 वाहन सीज,नशे में टेम्पो चलाने से लेकर नाबालिगों की ड्राइविंग और रैश ड्राइविंग तक पर कसा शिकंजा, रेट्रो साइलेंसर वाली बाइक भी कार्रवाई की जद में।
10 अगस्त, 2026
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सितारगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक सदर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के कुशल पर्यवेक्षण में 8 अगस्त से एक सप्ताह के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली पुलिस लगातार विभिन्न मार्गों, प्रमुख चौराहों और थाना क्षेत्र में वाहनों की गहन जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा कांवड़ ड्यूटी के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के महज दो दिनों में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 240 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर लापरवाही और नियमों की अनदेखी करने वाले कुल 13 वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस कार्रवाई में शराब के नशे में टेम्पो चलाते पकड़े गए चालक का एक टेम्पो सीज किया गया। वहीं नाबालिगों के हाथ में वाहन देना भी अभिभावकों और वाहन मालिकों को भारी पड़ा। नाबालिग द्वारा वाहन चलाए जाने के मामलों में एक बोलेरो कार और तीन मोटरसाइकिलों समेत चार वाहन सीज किए गए। इसके अलावा सड़क पर तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया। रैश ड्राइविंग और खतरनाक तरीके से तेज गति से वाहन चलाने पर सात मोटरसाइकिलें सीज की गईं। वहीं वाहनों में मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाले वाहन चालकों पर भी पुलिस की नजर है। चेकिंग के दौरान ऐसी ही तेज आवाज करने वाले रेट्रो साइलेंसर लगी एक मोटरसाइकिल को सीज किया गया। पुलिस की लगातार कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ ही तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा ड्राइविंग, खतरनाक ड्राइविंग और वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सितारगंज पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए न दें। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर चालान के साथ जरूरत पड़ने पर वाहन सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।