एस.एच. अस्पताल में अत्याधुनिक डेंटल विभाग का भव्य शुभारंभ, दांतों के इलाज के लिए अब महानगरों की दौड़ होगी कम,विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, डेंटल इंप्लांट सहित दांतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का होगा उपचार।
01 सितंबर, 2026
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) नगर के पीलीभीत रोड स्थित एस.एच. मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में मंगलवार को मरीजों के लिए एक और बड़ी स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत हुई। अस्पताल परिसर में आनंद 32 पॉइंट्स डेंटल केयर, सितारगंज के सहयोग से अत्याधुनिक डेंटल विभाग का भव्य शुभारंभ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने फीता काटकर किया। नए डेंटल विभाग के शुरू होने से सितारगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब दांतों से संबंधित विभिन्न बीमारियों की जांच एवं उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विभाग में दंत चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. विक्रम आनंद एवं डॉ. अनु कौल आनंद मरीजों को अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करेंगे। यहां दांतों में दर्द, सड़न, मसूड़ों से संबंधित समस्याओं सहित दांतों से जुड़ी विभिन्न परेशानियों की जांच और उपचार के साथ डेंटल इंप्लांट समेत आधुनिक दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बदलती जीवनशैली और खानपान के कारण दांतों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक उपचार सुविधाओं की उपलब्धता लोगों के लिए काफी राहत देने वाली साबित होगी। एस.एच. अस्पताल के चेयरमैन हाजी शमशुल हक मलिक ने कहा कि एस.एच. अस्पताल का उद्देश्य सितारगंज और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अस्पताल में समय-समय पर नई चिकित्सा सेवाएं और विशेषज्ञ सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि डेंटल विभाग के शुरू होने से मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की परेशानी और खर्च दोनों से राहत मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से डॉ. अतुल पांडेय ने कहा कि अस्पताल में लगातार चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। डेंटल विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से क्षेत्र के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक दंत चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा और बेहतर उपचार अस्पताल की प्राथमिकता है। वहीं मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह ने डेंटल विभाग के शुभारंभ को सितारगंज के स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की अहम भूमिका होती है। स्थानीय स्तर पर आधुनिक दंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को नई सुविधा के शुभारंभ पर बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने नई चिकित्सा सुविधा का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की जरूरत बताया। शुभारंभ अवसर पर डॉ. रिचा पांडेय, सभासद दीपक गुप्ता,दीप कमल तिवारी, सतेंद्र दिवाकर सहित अस्पताल के चिकित्सक, स्टाफ एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि आने वाले समय में मरीजों की जरूरत और क्षेत्र की मांग के अनुरूप अस्पताल में अन्य विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा।