-->

search ad

उत्तराखंड में नशे के सौदागरों पर एसटीएफ का सबसे बड़ा प्रहार, 25 लाख की एमडीएमए  के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार,टनकपुर में एसटीएफ-कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप, 244.06 ग्राम एमडीएमए  बरामद;रुद्रपुर के तीन युवकों से पूछताछ, पूरे ड्रग नेटवर्क की पड़ताल तेज।

उत्तराखंड में नशे के सौदागरों पर एसटीएफ का सबसे बड़ा प्रहार, 25 लाख की एमडीएमए के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार,टनकपुर में एसटीएफ-कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप, 244.06 ग्राम एमडीएमए बरामद;रुद्रपुर के तीन युवकों से पूछताछ, पूरे ड्रग नेटवर्क की पड़ताल तेज।

टनकपुर/चंपावत: उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशे के कारोबार पर अब तक के सबसे बड़े वारों में से एक करते हुए 244.06 ग्राम एमडीएमए  बरामद कर तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार वर्ष 2026 में प्रदेश में अब तक की यह सबसे बड़ी एमडीएमए  बरामदगी है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में बरामद एमडीएमए की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कुमाऊं यूनिट ने तकनीकी निगरानी और मैनुअल इनपुट के आधार पर जानकारी जुटाने के बाद कोतवाली टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया और तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान, आशीष और अभिषेक, तीनों निवासी रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में एमडीएमए के साथ एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। इतनी बड़ी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग की बरामदगी सामने आने के बाद एसटीएफ ने अब मामले की जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि एमडीएमए की खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स यूनिट आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगालने में जुट गई है, जिससे नशीले पदार्थ की सप्लाई करने वाले स्रोत से लेकर संभावित खरीदारों तक पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के निर्देशों और एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चल रही इस मुहिम के तहत एंटी नारकोटिक्स टीम लगातार नशे के कारोबारियों पर निगरानी रख रही है। कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विपिन जोशी, विनोद जोशी एवं जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार एवं वीरेंद्र चौहान तथा आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं कोतवाली टनकपुर पुलिस की ओर से निरीक्षक चेतन रावत, उपनिरीक्षक जितेंद्र बिष्ट और हेड कांस्टेबल कमल कुमार ने संयुक्त कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। 244 ग्राम से अधिक एमडीएमए की बरामदगी ने नशे के कारोबार की गंभीरता को एक बार फिर उजागर किया है, वहीं एसटीएफ की इस कार्रवाई से तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया है। अब पुलिस की नजर उन कड़ियों पर है, जिनके जरिए यह नशीला पदार्थ उत्तराखंड तक पहुंचा और इसके पीछे कौन सा बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।


विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन