लाखों की अवैध स्मैक के साथ महिला सहित दो को धर दबोचा
22 नवंबर, 2021
Edit
रुद्रपुर:(ब्यूरो) नशे के तस्करों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शहर के ट्रांजिट कैम्प ओर बगवाड़ा क्षेत्र में एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों की स्मैक बरामद की है। महिला तस्कर के कब्जे से 51 हजार की नगदी भी पुलिस ने बरामद की है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि रविवार की शाम ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि आजादनगर, वार्ड नंबर सात निवासी एक महिला अपने घर से स्मैक बेचने का काम लंबे समय से कर रही है। इस पर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार और एसआइ धीरज टम्टा महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां पर महिला अपने घर के गेट के पास खड़ी थी, इस पर पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से पुलिस को 12.22 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रानिक कांटा और 51 हजार 150 रुपये बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम आजादनगर वार्ड नंबर सात निवासी पूजा राजपूत पत्नी हरिओम राजपूत बताया। बाद में पुलिस ने उसे थाने ले आई और मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं रविवार रात को एसआई मनोज जोशी बगवाड़ा भट्टा क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी बीच बगवाड़ा भट्टा में एक युवक पुलिस को देख भागने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा कर दबोच लिया। इस दौरान उसकी तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से करीब 4.50 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम ग्राम बगवाड़ा निवासी संजय साहनी पुत्र मंगल साहनी बताया। सीओ सिटी अमित कुमार के मुताबिक पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वह स्मैक उत्तर प्रदेश के बहेड़ी और बरेली क्षेत्र से लाकर स्थानीय लोगों को बेचते थे। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।