अज्ञात कारणों से युवती ने गटका जहर, मौत
काशीपुर: (सतपाल सरारी) कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ीनेगी में युवती ने बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में जहर निगल लिया । हालत गंभीर होने पर स्वजनों द्वारा उसे उपचार के लिए तत्काल नगर के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां देर रात जीवन मृत्यु से संघर्ष करते हुए उसने दम तोड़ दिया । पुलिस ने आज मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजनों के हवाले कर दिया । घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है । जानकारी के मुताबिक ग्राम गढ़ी नेगी थाना कुंडा निवासी फखरुद्दीन की 18 वर्षीय पुत्री शबनम गत सोमवार की शाम लगभग 4 बजे घर में थी । इस दौरान उसने पिता को चाय बना कर देने के बाद बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास गटक लिया । स्वजनों को जैसे ही इसका पता चला उन्होंने तत्काल युवती को नाजुक हालत में काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां रात लगभग 9ः30 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया । घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली उनमें कोहराम मच गया । पुलिस को जानकारी मिलने पर उसने मृतका के शव का पंचनामा भरकर उसे पीएम हाउस भेज दिया । मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आज उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया । परिजनों ने बताया कि मृतका इंटर पास थी । वह छह भाई और चार बहन हैं । उसके एक भाई तथा एक बहन की शादी हो चुकी है । खबर लिखे जाने तक परिजनों द्वारा पुलिस को कोई तहरीर आदि नहीं दी जा सकीं है । शबनम की असमय हुई मौत के बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं । सूत्रों का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले परिवार शबनम को आए दिन ताना दिया करते थे । रोज-रोज की तानों से तंग आकर उसने ऐसा कदम उठाया । मृतका के परिजनों ने बताया कि इस मामले में वह पड़ोसियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने को लेकर पुलिस को तहरीर देंगे ।