अफवाहों से बचें, सितारगंज में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं — सामान्य रूप से हो रहा वितरण।
13 मार्च, 2026
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) नगर में गैस एजेंसी पर लगी भीड़ को लेकर सोशल मीडिया और कुछ लोगों द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही थी कि सितारगंज में गैस सिलेंडर की भारी कमी हो गई है और उपभोक्ताओं को गैस लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन गैस एजेंसी प्रबंधन ने इन सभी बातों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है। एजेंसी के मैनेजर राजेंद्र सिंह गढ़िया ने स्पष्ट किया कि एजेंसी पर गैस वितरण पूरी तरह सामान्य और व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है तथा किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का नंबर लगा हुआ है, वे एजेंसी पर आकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आसानी से अपना गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि आज सुबह से ही गैस वितरण का कार्य जारी है, जिसमें एक गाड़ी के सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए जा चुके हैं और दूसरी गाड़ी के सिलेंडर वितरण के लिए लाइन में लगे उपभोक्ताओं को दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर पहले से तय व्यवस्था के अनुसार लगभग 25 दिन के अंतराल में ही दिए जा रहे हैं और यह प्रक्रिया पहले की तरह ही नियमित रूप से जारी है। एजेंसी प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर की किसी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता नहीं हो रही है और सभी उपभोक्ताओं को पारदर्शी व्यवस्था के तहत गैस उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं एजेंसी प्रबंधन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें, बल्कि सही जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें, ताकि अनावश्यक भीड़ और भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।