-->

search ad

सिडकुल की बालाजी एक्शन कंपनी में मौत का मंजर: फोरक्लिफ्ट ने निगल ली 22 वर्षीय श्रमिक की जिंदगी, अस्पताल में फूटा गुस्सा; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल।

सिडकुल की बालाजी एक्शन कंपनी में मौत का मंजर: फोरक्लिफ्ट ने निगल ली 22 वर्षीय श्रमिक की जिंदगी, अस्पताल में फूटा गुस्सा; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल।

सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) सिडकुल स्थित बालाजी एक्शन बिल्डवेल कंपनी में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवा श्रमिक रवि गौतम की फोरक्लिफ्ट वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों के होश उड़ गए और पूरे कंपनी परिसर में सनसनी फैल गई। मूल रूप से अमरिया, जनपद पीलीभीत निवासी रवि गौतम पिछले एक वर्ष से कंपनी में जूनियर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था तथा सितारगंज के पहाड़ी उकरौली गांव में किराये पर रहकर अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कंपनी परिसर में कार्य के दौरान एक फोरक्लिफ्ट वाहन को बैक करते समय चालक ने कथित रूप से लापरवाही बरती और रवि उसकी चपेट में आ गया। भारी वाहन के नीचे दबते ही युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में कंपनी के एचआर जावेद व सुरक्षाकर्मियों ने उसे उप जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद रवि को मृत घोषित कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और देखते ही देखते अस्पताल परिसर आक्रोश और हंगामे का केंद्र बन गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर श्रमिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि पुलिस को भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक नारायणपाल  और आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता सतेन्द्र कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए सिडकुल की कंपनियों में श्रमिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए। नेताओं ने आरोप लगाया कि कंपनियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण मजदूर आए दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। अस्पताल परिसर में देर तक चले हंगामे और भारी तनाव के बीच पुलिस क्षेत्राधिकारी बी.एस. धौनी ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बाद में प्रशासन की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन और पीड़ित परिवार के बीच समझौता हुआ, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है, जबकि परिजनों की तहरीर के आधार पर फोरक्लिफ्ट चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पूरे सिडकुल क्षेत्र में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन