-->

search ad

सड़क हादसे की आड़ में रची गई थी मौत की साजिश! 48 घंटे में जसपुर पुलिस का सनसनीखेज खुलासा, रंजिश में बलेनो कार से कुचलकर की गई नितिन की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कार भी बरामद।

सड़क हादसे की आड़ में रची गई थी मौत की साजिश! 48 घंटे में जसपुर पुलिस का सनसनीखेज खुलासा, रंजिश में बलेनो कार से कुचलकर की गई नितिन की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कार भी बरामद।

जसपुर:(चरनसिंह सरारी) ठाकुरद्वारा चुंगी के पास 10 जुलाई की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने उस समय सनसनी फैला दी थी, लेकिन अब इस मामले में ऐसा चौंकाने वाला खुलासा हुआ है जिसने पूरे घटनाक्रम को हत्या की सुनियोजित साजिश साबित कर दिया। जिस घटना को शुरुआत में सामान्य सड़क दुर्घटना समझा जा रहा था, वह दरअसल पुरानी रंजिश में रची गई एक सोची-समझी हत्या थी। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अपनी तेज़ और सटीक कार्रवाई का परिचय देते हुए महज 48 घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दो आरोपियों पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार 10 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली थी कि खेड़ा रोड स्थित नहर के पास एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो नहर में गिरी मोटरसाइकिल मिली, जबकि घायल युवक वहां नहीं थे। गंभीर रूप से घायल नितिन कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान अगले दिन उसकी मौत हो गई। शुरुआत में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हुआ, लेकिन मृतक के पिता बनारसी दास ने कोतवाली जसपुर में तहरीर देकर दावा किया कि उनके बेटे की मौत दुर्घटना नहीं बल्कि पहले से रची गई हत्या की साजिश का परिणाम है। तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और अन्य अहम सुरागों के आधार पर लगातार छानबीन की, जिसके बाद महज 48 घंटे में पूरे षड्यंत्र का खुलासा हो गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना से पहले उनका नितिन और उसके साथियों से विवाद हुआ था। उसी रंजिश का बदला लेने के लिए उन्होंने नितिन की मोटरसाइकिल का पीछा किया और नहर रोड पर जान से मारने की नीयत से बलेनो कार से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देकर मौके से फरार हो गए ताकि किसी को उन पर शक न हो। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमा दर्ज है, जबकि दूसरे आरोपी जाकिर गुज्जर के आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जनपद में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस सनसनीखेज खुलासे ने यह साबित कर दिया कि पुलिस की त्वरित जांच और तकनीकी पड़ताल के चलते एक सुनियोजित हत्या को सड़क हादसे का रूप देकर दबाने की साजिश आखिरकार बेनकाब हो गई।

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन