नानकमत्ता में एनएसएस का नशा मुक्ति अभियान तेज, रैली-नुक्कड़ नाटक व भांग के पौधे नष्ट कर युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश।
09 मार्च, 2026
Edit
नानकमत्ता:(चरनसिंह सरारी) नगर के श्री गुरु नानक देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिवस को “नशा मुक्ति अभियान” के रूप में उत्साह और जनजागरूकता के साथ मनाया गया। शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने सुबह भजन गायन और योगाभ्यास के साथ दिन की शुरुआत की, जिसके बाद पूरे दिन नशा उन्मूलन को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वयंसेवियों ने अभिग्रहीत ग्राम सिद्धा नवदिया में जन-जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया तथा समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। इस दौरान गांव के आसपास नशे के लिए प्रयुक्त होने वाले भांग के पौधों को भी नष्ट किया गया और लोगों से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग दें। शिविर में आयोजित बौद्धिक सत्र में वाद-विवाद प्रतियोगिता, भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नशा उन्मूलन पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से युवाओं और ग्रामीणों को नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। कुमाऊँ विश्वविद्यालय नैनीताल की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शिवांगी चन्याल ने शिविर का औपचारिक निरीक्षण कर स्वयंसेवियों के कार्यों की सराहना की और उन्हें समाजहित में इसी प्रकार सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। तृतीय दिवस के मुख्य अतिथि राजकीय प्राथमिक विद्यालय बंगाली कॉलोनी नानकमत्ता के प्रधानाध्यापक खीमानंद अटवाल ने अपने संबोधन में कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है और युवाओं को इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. इंदु बाला ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास हो रही नशे की गतिविधियों को रोकने के लिए सजग रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीता मेहता और सहायक प्राध्यापक डॉ. मनोज कुमार जोशी ने भी स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की भागीदारी को बेहद महत्वपूर्ण बताया। मंच का संचालन स्वयंसेवी छात्रा आरती राना ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. गोपाल सिंह, डॉ. नीतू, डॉ. राधा बिष्ट, ज्योति राणा, बरुण कुमार सक्सेना, मनोज कुमार सहित काजल बरमान, पूनम राणा, दीप दानू, प्रगति राणा, रेनू थापा, मनप्रीत कौर, देव राम, अनिल कुमार समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।