-->

search ad

करम कंपनी में श्रमिकों का बड़ा हल्लाबोल: वेतन वृद्धि, जबरन ओवरटाइम और बोनस को लेकर फूटा गुस्सा, घंटों चली वार्ता के बाद 10 मांगों पर बनी सहमति।

करम कंपनी में श्रमिकों का बड़ा हल्लाबोल: वेतन वृद्धि, जबरन ओवरटाइम और बोनस को लेकर फूटा गुस्सा, घंटों चली वार्ता के बाद 10 मांगों पर बनी सहमति।

सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) सिडकुल स्थित सुरक्षा उपकरण निर्माण करने वाली करम कंपनी में बुधवार को उस समय श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा जब वेतन वृद्धि, जबरन ओवरटाइम, बोनस, त्योहारों के अवकाश में वेतन कटौती, कैंटीन की खराब व्यवस्था और अधिकारियों के अभद्र व्यवहार समेत कई समस्याओं को लेकर सैकड़ों श्रमिकों ने एक दिवसीय कार्य बहिष्कार कर कंपनी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में कर्मचारी कंपनी गेट के बाहर एकत्रित हो गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए श्रमिक हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। कर्मचारियों का कहना था कि लंबे समय से उनकी वेतन वृद्धि नहीं की गई, संविदा श्रमिकों के साथ भेदभाव हो रहा है तथा कर्मचारियों से दबाव बनाकर अतिरिक्त कार्य कराया जाता है। वहीं त्योहारों के अवकाश पर भी वेतन काटे जाने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी थी। मामला बढ़ने पर श्रम विभाग को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद श्रम विभाग की मध्यस्थता में कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच कई घंटों तक चली त्रिपक्षीय वार्ता के बाद आखिरकार 10 महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बन गई। समझौते के तहत स्थायी कर्मचारियों की वेतन वृद्धि संबंधी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई करने, संविदा श्रमिकों को अनुभव के आधार पर कुशल श्रेणी में शामिल करने और फैक्ट्री एक्ट 1948 के तहत ही ओवरटाइम कराने पर सहमति बनी। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि अब किसी भी कर्मचारी से जबरन अतिरिक्त कार्य नहीं कराया जाएगा तथा मासिक चार अवकाश रोस्टर के अनुसार दिए जाएंगे, जिसकी सूची प्रत्येक माह नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। कर्मचारियों को कैंटीन में गुणवत्तायुक्त और पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन दरों में श्रमिक हित में संशोधन करने का भरोसा भी दिया गया। इसके अलावा सभी कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, मांगने पर तत्काल सैलरी स्लिप उपलब्ध कराने, बोनस नियमानुसार देने और त्योहारों के अवकाश पर किसी भी प्रकार की वेतन कटौती न करने पर भी सहमति बनी। पीस रेट पर कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए भी बड़ी राहत देते हुए उनकी निर्धारित दरों में 4 प्रतिशत वृद्धि कर अप्रैल 2026 के वेतन से एरियर सहित भुगतान करने का निर्णय लिया गया। समझौते के बाद श्रमिकों ने कार्य बहिष्कार समाप्त कर दिया, लेकिन श्रमिक नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि तय बिंदुओं को समय पर लागू नहीं किया गया तो भविष्य में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एचआर हैदर अब्बास ने श्रमिक हितों का ध्यान रखते हुए बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने का भरोसा दिलाया। इस दौरान चेयरमैन सुमित मंडल, सितारगंज-सिडकुल वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष कृष्णा सत्यवली, गोविंद तालुकदार, सूरज बाला, सुरेश मंडल, विश्वजीत, भुवन भट्ट, टीकाराम, कुलदीप, तपन, गोपाल, विशाल समेत बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन