-->

search ad

रामनगर में होमस्टे कारोबारियों की आवाज बना टैक्स बार, नियमों और सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए होगा मेगा जागरूकता अभियान।

रामनगर में होमस्टे कारोबारियों की आवाज बना टैक्स बार, नियमों और सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए होगा मेगा जागरूकता अभियान।

रामनगर/नैनीताल:(चरनसिंह सरारी) पर्यटन नगरी रामनगर में तेजी से बढ़ रहे होमस्टे व्यवसाय के सामने खड़ी कानूनी, प्रशासनिक और कर संबंधी चुनौतियों को लेकर अब रामनगर टैक्स बार खुलकर मैदान में उतर आया है। प्रशासन द्वारा होमस्टे संचालन को लेकर बढ़ाई गई सख्ती के बीच क्षेत्र के दर्जनों होमस्टे संचालकों ने रामनगर टैक्स बार के पदाधिकारियों से मुलाकात कर पंजीकरण, टैक्स प्रणाली, खाद्य सुरक्षा मानकों, लाइसेंस प्रक्रिया और विभागीय नियमों से जुड़ी जटिल समस्याएं सामने रखीं। इस दौरान रामनगर टैक्स बार के अध्यक्ष पूरण चंद्र पाण्डेय और उपसचिव मनु अग्रवाल ने संचालकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही एक बड़े स्तर का जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की। बताया गया कि इस विशेष कार्यक्रम में होमस्टे व्यवसाय से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जानकारी दी जाएगी, ताकि संचालक बिना किसी कानूनी परेशानी के अपने व्यवसाय को सुचारु रूप से चला सकें। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, कर विभाग और उत्तराखंड शासन से जुड़े अधिकारियों को आमंत्रित करने की तैयारी की जा रही है, जिससे होमस्टे संचालकों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की जानकारी और समस्याओं के समाधान मिल सकें। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की पर्यटन एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देकर संचालकों को सरकारी लाभों से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। स्थानीय कारोबारियों का मानना है कि इस पहल से न केवल होमस्टे व्यवसाय में पारदर्शिता और जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि रामनगर के पर्यटन उद्योग को भी नई मजबूती मिलेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन एक स्थानीय रिसोर्ट में किया गया, जिसमें प्रबल बंसल, भूपाल रावत, फिरोज अंसारी, मनोज अग्रवाल, लईक अहमद, नावेद सैफी और गुलरेज़ रज़ा सहित कई अधिवक्ता एवं होमस्टे संचालक मौजूद रहे।

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन