अवैध खनन पर एसएसपी का बड़ा एक्शन: शक्तिफार्म चौकी प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, महकमे में मचा हड़कंप।
16 मार्च, 2026
Edit
रुद्रपुर/सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) ऊधमसिंहनगर जनपद में अवैध खनन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र में तैनात पूरी पुलिस चौकी पर गाज गिरा दी है। क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिन पर अपेक्षित कार्रवाई न होने और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लिया। जानकारी मिलने पर उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया पुलिस की लापरवाही और अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश न लगाए जाने की बात सामने आई। इसे ड्यूटी के प्रति गंभीर उदासीनता मानते हुए एसएसपी ने शक्तिफार्म चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र भट्ट सहित कुल आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए। अचानक हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अन्य थानों व चौकियों में तैनात पुलिसकर्मियों के बीच भी सख्त संदेश गया है कि अवैध गतिविधियों पर ढिलाई किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी अवैध खनन के खिलाफ अभियान को और तेज किए जाने की बात कही जा रही है, ताकि जनपद में इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी लगाम लगाई जा सके।