मोदी मैदान से गरजे मोदी, जनता से सीधे जुड़े और उत्तराखंड की पांचों सीटें जिताने की की अपील।
02 अप्रैल, 2024
Edit
रुद्रपुर/उधमसिंहनगर:(चरनसिंह सरारी) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंखनाद रैली में जहां कांग्रेस पर निशाना साधा, वहीं लोगों से भावनात्मक ढंग से जुड़ने का काम किया। उन्होंने कहा तीसरे टर्म में वे भारत को दुनिया की तीसरी अर्थ व्यवस्था बनाएंगे और देश हित में कई बड़े निर्णय लेंगे।
वह मोदी मैदान में बड़ी चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह तय नहीं पा रहे हैं कि यह चुनावी सभा है या विजय सभा। जो लोग धूप में तप रहे हैं उनसे माफी मांगते हैं, क्योंकि पंडाल छोटा पड़ गया, लेकिन इन लोगों की तपस्या बेकार नहीं जाएगी। वह विकास के रूप में उनका कर्ज लौटाएंगे। कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के हर गांव से जो प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, उसके लिए हृदय से आभारी हूं। यह चुनावी सभा ऐसे स्थान पर हो रही है जिसे मिनी इंडिया कहा जाता है। वे जब भी उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आते हैं तो धन्य हो जाते हैं। देवभूमि का भाजपा के प्रति प्रेम जगजाहिर है। उत्तराखंड को विकसित बनाना है और उसे सबसे आगे लेकर जाना है।
मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में केंद्र सरकार कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। पिछले दस सालों में उत्तराखंड में जितना विकास हुआ है उतना पिछले 60 सालों में नहीं हुआ। सरकार ने 12 लाख परिवारों को पानी के कनेक्शन दिए। साढ़े पांच लाख शौचालय बनवाए। तीन लाख लोगों को उनकी प्रापर्टी के कागजात दिए। पांच लाख लोगों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए। 35 लाख लोगों के बैंक खाते खुलवा कर बैंकों से जोड़ा। उत्तराखंड के छोटे किसानों के खाते में दो हजार दो सौ करोड़ रुपए भेजे। कहा कि जब नीयत साफ होती है तो ऐसे ही काम होते हैं। नीयत सही तो नतीजे सही।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी ने भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत की गारंटी दी है। इससे देशवासियों की कमाई बढ़ेगी और नौकरी के नए अवसर मिलेंगे। कहा कि मोदी की गारंटी, मतलब पूरा होने की गारंटी। कहा कि किच्छा में सेटेलाइट एम्स की गारंटी को पूरा किया। केदारनाथ में उन्होंने आने वाला दशक उत्तराखंड का होने की गारंटी दी, जिसके तहत घर-घर सुविधाएं दी जाएंगी।
मोदी ने कहा कि तीसरे टर्म में यह बेटा बड़ा काम करने जा रहा है। हर घर को 24 घंटे बिजली और बिल जीरो। कमाई अलग से। पीएम सूर्यधर बिजली योजना के तहत घर-घर सोलर सिस्टम लगाने के लिए सरकार सब्सिडी दे रही है। इसमें तीन सौ यूनिट फ्री बिजली मिलेगी और अतिरिक्त बिजली सरकार खरीदेगी। महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण दिया जा रहा है। कहा कि मोदी न थकता है न रुकता है। वह मौज करने के लिए नहीं, बल्कि मेहनत करने के लिए पैदा हुए हैं।
कहा कि दस सालों से जो विकास हुआ है, वह ट्रेलर है। अभी बहुत कुछ करना है। देश को बहुत आगे लेकर जाना है। वह चाहते हैं कि केदार खंड की भांति मानस खंड से भी दुनिया परिचित हो। उत्तराखंड में पर्यटन और उद्योग की संभावनाएं हैं। बोले युवाओं का सपना ही मोदी का संकल्प है। उत्तराखंड से पलायन रुक गया है।
बोले कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने अपने इरादे जता दिए हैं। राजघराने के शहजादे ने कहा है कि यदि तीसरी बार देश में मोदी सरकार बनी तो आग लग जाएगी। दस साल सत्ता से बाहर क्या रहे देश में आग लगाने की बात करेंगे। कहा कि कांग्रेस को मैदान में मत रहने दो। इमरजेंसी की मानसिकता वाली कांग्रेस का लोकतंत्र से भरोसा उठ चुका है। कर्नाटक में एक बड़े कांग्रेस नेता ने दक्षिण भारत को देश से अलग करने की बात कही। कांग्रेस देश के टुकड़े करना चाहती है, देश को अराजकता के माहौल में झौंकना चाहती है। ऐसे नेता को दंड देने के बजाय कांग्रेस ने टिकट दे दिया। इसी कांग्रेस ने देश के वीर सपूत विपिन रावत तक का अपमान किया।
बोले कांग्रेस तुष्टीकरण के दल दल में धंसी हुई है, वह विकास के बारे सोच भी नहीं सकती। कांग्रेस घुसपैठियों को बढ़ावा देती रही है। केंद्र सरकार ने जब सीएए के माध्यम से पाकिस्तान और बांग्लादेश के शरणार्थियों को नागरिकता देने की बात कही तो कांग्रेस इसका विरोध कर रही है, लेकिन इनके पास मोदी की गारंटी है। इस धरती का संबंध गुरू गुरूनानक देव, गुरू गोविंद सिंह और संत रामराय से है। हमने करतारपुर कॉरिडोर बना कर लोगों को जिंदगी दी।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कमजोरी न दिखाई होती तो सीमा विवाद न होते। हमारे वीर जवान एक इंच जमीन के लिए जान की बाजी लगा देते हैं। उत्तराखंड की भूमि वीर जवानों की है। उन्होंने तमिलनाडू के एक द्वीप का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने इसे श्रीलंका को दे दिया। आज भी मछुआरे यदि गलती से इस द्वीप पर पहुंच जाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है। कहा कि भारत के टुकड़े करने की बात करने वाली कांग्रेस देश की रक्षा नहीं कर सकती। आज देश के सीमांत गाँव का विकास हो रहा है। हमने वन रेंक वन पेंशन लागू की, जिसका लाभ उत्तराखंड के परिवारों को मिल रहा है।
कहा कि एक तरफ हम पारदर्शिता और ईमानदारी लाए हैं, दूसरी तरफ भ्रष्टाचारी और परिवारवादियों का जमावड़ा है। हम कहते हैं भ्रष्टाचार हटाओ और वह कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ। हम भ्रष्टाचारियों को जेल में डाल कर ही दम लेंगे। मोदी किसी धमकी और गालियों से डरने वाला नहीं है। तीसरे टर्म में भ्रष्टाचार पर और तेज प्रहार होगा। भ्रष्टाचार से गरीब और मध्यम परिवार का हक छिनता है, लेकिन वह किसी का हक छिनने नहीं देंगे। आने वाले पांच साल में देश हित में बड़े फैसले लिए जाएंगे। इसके लिए मतदाताओं को मोदी के लिए नई ताकत और ऊर्जा देनी होगी। उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा को विजय दिलानी होगी।
उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से अपने गांव वापस जाकर मोदी की तरफ से मंदिर में मत्था टेकने और घर-घर मोदी का प्रणाम पहुंचाने का वायदा लिया।
मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, अजय टम्टा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, अजय भट्ट, अजेय जी, विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, अरविंद पांडेय, विवेक सक्सेना, विकास शर्मा, राजेश शुक्ला, भारत भूषण चुघ, उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, ललित मिगलानी आदि मौजूद थे।