उपकार सिंह बल निर्विरोध चुने गए सितारगंज ब्लॉक प्रमुख, धराली आपदा में शोक के चलते भाजपा ने नहीं मनाया जश्न, विकास कार्यों की बदौलत विपक्ष मैदान में आने से भी कतराया।
11 अगस्त, 2025
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) सितारगंज की सियासत में सोमवार को भाजपा ने एक और बड़ी जीत अपने नाम कर ली, जब वरिष्ठ भाजपा नेता उपकार सिंह बल निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने गए। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि तक किसी भी प्रत्याशी ने उनके सामने मैदान में उतरने का साहस नहीं किया, जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंप दिया। यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए खुशी का बड़ा कारण बनी, लेकिन धराली आपदा में दर्जनों लोगों की मौत और करोड़ों की संपत्ति के नुकसान के चलते पार्टी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए इस विजय का कोई जश्न न मनाने का निर्णय लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि इस त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सितारगंज विकास खंड के अधिकांश क्षेत्रों में भाजपा समर्पित या पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत हुई है और प्रदेश के अन्य ब्लॉक व जिला पंचायत चुनावों में भी पार्टी शानदार प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्य पिछले कई दशकों पर भारी पड़े हैं — चाहे वह सड़कों का जाल बिछाना हो, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा व स्वास्थ्य ढांचे का सुधार या रोजगार के नए अवसर सृजित करना — इन उपलब्धियों ने जनता को भाजपा के पक्ष में मजबूती से खड़ा किया है। यही कारण रहा कि विरोधी दल यहां प्रत्याशी उतारने से भी पीछे हट गए। बहुगुणा ने दावा किया कि भाजपा की यह सफलता जनता के भरोसे, संगठन की एकजुटता और क्षेत्र के सतत विकास का नतीजा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी विकास की गति और तेज होगी तथा सितारगंज को प्रदेश में एक आदर्श विकास खंड के रूप में स्थापित किया जाएगा।