कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट की अजनाला रेंज में बाघ के हमले से एक वन कर्मी गंभीर रूप से घायल
09 नवंबर, 2021
Edit
कोटद्वार: (ब्यूरो) कार्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट की अजनाला रेंज में बाघ के हमले से एक वन कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया । वन कर्मी को कोटद्वार के बेस चिकित्सालय में लाकर भर्ती किया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है ।
यह घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। अदनाला रेंज की मुंडियापानी बीट में तैनात वन कर्मी बृजमोहन मंगलवार सुबह अपने अन्य साथियों के साथ गश्त पर निकला था । मुंडियापानी कक्ष संख्या एक में अचानक एक बाघ ने बृजमोहन पर हमला कर दिया । बाघ ने बृजमोहन पर सामने से हमला करते हुए उसके सिर पर नाखून गड़ा दिए ।
इस हमले में बृजमोहन जमीन पर गिर पड़ा और उसने बाघ के मुंह में हाथ में पकड़ा डंडा घुसा दिया।
इस बीच साथ में मौजूद अन्य साथियों ने भी शोर मचाते हुए बाघ पर डंडे से हमला कर दिया । अचानक हुए इस हमले के कारण बाघ बृजमोहन को मौके पर छोड़ जंगल की ओर भाग गया । अन्य वन कर्मी बृजमोहन को लेकर मुंडियापानी चौकी पहुंचे, जहां से उसे उपचार के लिए कोटद्वार के बेस चिकित्सालय में लाया गया ।