मछली मंडी आढ़ती पर धारदार हथियार से हमला
किच्छा(ब्यूरो) व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता के चलते मछली मंडी आढ़ती पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। उसके बाद हमलावर खुद ही कोतवाली पहुंच गया। घायल मछली व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसकी हालत नाजुक बतायी जा रही है।कृषि उत्पादन मंडी समिति स्थित मछली मंडी में आशिक अली की आंध्रा फिश कंपनी के नाम से आढ़त है। पिछले कुछ समय से उनका फड़ को लेकर दूसरे आढ़ती से विवाद चल रहा है। बताया गया है कि गुरुवार सुबह आशिक अली फड़ के सामने कुर्सी पर बैठा था। तभी उनके प्रतिद्वंदी आढ़ती ने अपने पुत्र के साथ वहां पहुच कर आशिक पर ताबड़तोड़ धारदार हथियार से सिर पर तीन वार कर दिए। सिर पर धारदार हथियार के हमले से आशिक लहूलुहान हो आढ़त पर ही गिर गया । उसके मुंह से आवाज भी नही निकल पाई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में धारदार हथियार लहराते हुए मौके से फरार होकर कोतवाली पहुंच गया। शोर मचने पर मछली व्यापारी भी वहां पहुच गए। आशिक को गंभीर अवस्था मे रुद्रपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर एसपी सिटी ममता वोहरा, सीओ ओम प्रकाश शर्मा व कोतवाल चंद्रमोहन सिंह मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गयी है। एसपी सिटी ममता बोरा ने अस्पताल पहुंच कर घायल से मुलाकात कर घटना के सबंध में जानकारी ली।