चोरी का प्रयास कर रहे युवक को लोगों ने दबोचा
रूद्रपुर (ब्यूरो) चोरी का प्रयास कर रहे एक युवक को लोगों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गये युवक की निशानदेही पर पुलिस ने पूर्व में चुरायी गयी एक बैटरी भी बरामद की। ग्राम कीरतपुर के एकता विहार कालोनी निवासी गुरदेव सिंह ने सौंपी तहरीर में कहा था कि उसके पास छोटा हाथी वाहन है। कुछ दिनों पहले उसके घर के पास पार्क छोटा हाथी वाहन से चोर बैटरी चुरा ले गए। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि बुधवार रात एक चोर कीरतपुर के एकता विहार कालोनी पहुंच गया। जहां वह चोरी का प्रयास कर रहा था। यह देख स्थानीय लोगों ने शोर मचा दिया। शोर होने पर जब चोर भागने का प्रयास करने लगा तो लोगों ने उसे दबोच लिया। साथ ही सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और जानकारी ली, साथ ही लोगों ने पकड़े गए चोर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए चोर ने अपना नाम डिबडिबा, बिलासपुर, रामपुर निवासी विनोद सैनी उर्फ विजय पुत्र छोटे लाल बताया। बताया कि इससे पहले उसने कीरतपुर में एक छोटा हाथी की बैटरी भी चोरी की थी। जिस पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बैटरी बरामद कर ली।