इलेक्ट्रोनिक्स शोरूम भीषण आग लगने से हुआ खाक।
26 मार्च, 2022
Edit
रूद्रपुर: (चरनसिंह सरारी) आदर्श कालोनी क्षेत्र में स्थित इलेक्ट्रोनिक्स के एक शोरूम में भीषण आग लग गयी। जिससे वहां हड़कम्प मच गया। दमकल की तीन गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकाण्ड में करीब एक करोड़ के नुकसान का अनुमान है।क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और तहसीलदार को क्षति का आंकलन करने के निर्देश दिये। जानकारी के मुताबिक आदर्श कालोनी में ईश्वर कालोनी के पास मोहित कक्कड़ का इलेक्ट्रोनिक्स शोरूम है। आज सुबह अचानक शोरूम में आग लग गयी। लोगों ने दुकान से धुंआ उठता देखा तो दुकान स्वामी को इसकी जानकारी दी और दमकल को सूचना दी। जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। अग्निकाण्ड से आस पास के दुकानदारों में भी हड़कम्प मच गया। मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गये। दमकल के तीन वाहनों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग को काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। दुकान में गर्मियों के सीजन के लिए कुछ दिन पहले ही माल मंगाकर रखा था। दुकान स्वामी के मुताबिक अग्निकाण्ड में करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर विधायक शिव अरोरा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पीड़ित व्यापारी को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि सरकार से अग्निकाण्ड का हरसंभव मुआवजा दिलाया जायेगा। उन्होंने तहसीलदार को अग्निकाण्ड में हुए नुकसान का आंकलन करने के निर्देश भी दिये।