हिंदी दिवस पर नानकमत्ता के चार होनहार छात्रों को मिली ऐतिहासिक उपलब्धि, देहरादून में भाषा मंत्री ने किया सम्मानित।
15 सितंबर, 2025
Edit
देहरादून/नानकमत्ता:(चरनसिंह सरारी) नगर के के.जे.एम. सीनियर सेकेंड्री स्कूल के चार मेधावी छात्र-छात्राओं ने हिंदी दिवस के अवसर पर ऐसा गौरव हासिल किया, जिसने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया। गरिमा जोशी, लक्षद्वीप सिंह, रोहित जोशी और सचिन आर्य ने हाईस्कूल परीक्षा 2025 में हिंदी विषय में शत-प्रतिशत अंक (100/100) प्राप्त कर इतिहास रच दिया। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर उत्तराखंड भाषा संस्थान, देहरादून में आयोजित हिंदी दिवस समारोह में भव्य सम्मान समारोह रखा गया, जहां मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के भाषा मंत्री सुबोध उनियाल, कृषि मंत्री गणेश जोशी तथा वैली ऑफ वर्ड्स के संस्थापक व वरिष्ठ सलाहकार संजीव चोपड़ा ने मंच से इन प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान इन चारों विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और हिंदी भाषा के प्रति समर्पण की जमकर सराहना हुई। इस गौरवपूर्ण क्षण पर विद्यालय के डायरेक्टर कैलाश चंद्र जोशी, प्रधानाचार्य महेश जोशी सिंह, प्रधानाचार्य दलजीत सिंह, उपप्रधानाचार्य पीयूष गुप्ता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और सभी ने इन बच्चों को विद्यालय, नगर एवं राज्य का नाम रोशन करने पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए बल्कि पूरे नानकमत्ता क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।