भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: संदिग्ध नेपाली नागरिक से 1022 कलाई घड़ियाँ बरामद, कस्टम विभाग को सौंपा गया माल — सतर्कता और साहस का परिचय बनी कार्रवाई।
10 अक्टूबर, 2025
Edit
बनबसा/टनकपुर:(चरनसिंह सरारी) भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सतर्क जवानों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सीमा की सुरक्षा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यवाहक कमांडेंट श्री मनोज कुमार के नेतृत्व में सीमावर्ती इलाकों में तस्करों, अपराधियों एवं राष्ट्रविरोधी तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान एसएसबी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। जानकारी के अनुसार 09 अक्टूबर 2025 को बनबसा चेकपोस्ट पर तैनात जांच दल, जिसमें सहायक उप-निरीक्षक (सामान्य) जयपाल, आरक्षी नरेंद्र एवं संध्या शामिल थे, को एक संदिग्ध नेपाली नंबर की मोटरसाइकिल भारत से नेपाल की ओर जाती दिखाई दी। जवानों ने तुरंत वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में कुल 1022 कलाई घड़ियाँ बरामद हुईं।पूछताछ में चालक ने अपना नाम जनक राज भट्ट (पुत्र श्री बहादुर भट्ट, उम्र 44 वर्ष, निवासी कृषणपुर, कंचनपुर, नेपाल) बताया। जब उससे बरामद घड़ियों के संबंध में बिल, रसीद या स्वामित्व से जुड़ा कोई दस्तावेज मांगा गया, तो वह कुछ भी प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह ये घड़ियाँ भारत के बनबसा से नेपाल के महेंद्रनगर ले जा रहा था।एसएसबी टीम ने विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए बरामद घड़ियाँ, मोटरसाइकिल और अभियुक्त को आगे की जांच एवं कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क कार्यालय, बनबसा को सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई न केवल एसएसबी की मुस्तैदी और पेशेवर दक्षता का प्रतीक है, बल्कि यह सीमा क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों पर करारा प्रहार भी है।सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की सतर्कता भरी कार्रवाइयों से सीमा पार तस्करी, अवैध व्यापार और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। वहीं स्थानीय लोगों ने एसएसबी के जवानों की तत्परता और देशभक्ति की भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से भारत-नेपाल सीमा और अधिक सुरक्षित व नियंत्रित बन रही है।