सितारगंज के युवाओं के शैक्षिक और सामाजिक विकास में करियर काउंसलिंग बनी नई दिशा : डॉ. धीरज पाराशरी का युवाओं को संदेश – “लक्ष्य तय करें, ईमानदारी से मेहनत करें, सफलता निश्चित है”।
22 अक्टूबर, 2025
Edit
सितारगंज : (चरनसिंह सरारी) आज के प्रतिस्पर्धी युग में जहां युवा अपने भविष्य को लेकर उलझन में रहते हैं, वहीं करियर काउंसलिंग उनके जीवन को सही दिशा देने का कार्य कर रही है। सर्टिफाइड करियर काउंसलर, मोटिवेशनल स्पीकर एवं शिक्षाविद् डॉ. धीरज पाराशरी ने कहा कि करियर काउंसलर न केवल युवाओं को उपयुक्त करियर चुनने में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, बल्कि वे उनके भीतर आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में भी सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि करियर काउंसलर की भूमिका सिर्फ नौकरी की जानकारी देने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वे युवाओं को उनकी रुचियों, क्षमताओं और कमजोरियों को पहचानने में सहायता करते हैं ताकि वे अपने भविष्य के लिए सही दिशा तय कर सकें। डॉ. पाराशरी ने कहा कि सितारगंज जैसे विकसित हो रहे क्षेत्र में तकनीकी एवं व्यवसायिक शिक्षा की कमी अभी भी बड़ी चुनौती है, जिसे करियर काउंसलिंग के माध्यम से दूर किया जा सकता है। सही मार्गदर्शन से युवा न केवल रोजगार के अवसर पा सकते हैं बल्कि उद्यमशीलता और स्व-रोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि करियर काउंसलर युवाओं को वर्तमान नौकरी बाजार के रुझानों, आवश्यक कौशलों और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के सही तरीकों के बारे में भी जानकारी देते हैं। इससे क्षेत्र में बेरोजगारी दर घटाने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में मदद मिलती है।उन्होंने यह भी बताया कि सितारगंज के अधिकांश स्कूलों में काउंसलिंग की उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण बच्चों को मानसिक, सामाजिक व शैक्षिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यदि स्कूल स्तर से ही छात्रों को करियर गाइडेंस और मानसिक काउंसलिंग दी जाए, तो वे आत्मनिर्भर, सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं।अंत में डॉ. पाराशरी ने युवाओं से कहा कि “अपने जीवन का लक्ष्य स्पष्ट करें, खुद पर भरोसा रखें और ईमानदारी से मेहनत करें। जीवन में सफलता उन्हीं को मिलती है जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं। वर्तमान समय अवसरों से भरा है, बस आवश्यकता है सही दिशा और दृढ़ संकल्प की।” उन्होंने सभी युवाओं से यह भी अपील की कि वे करियर काउंसलिंग को अपनाकर अपनी क्षमता पहचानें और अपने भविष्य को उज्जवल बनाएं।