उधमसिंहनगर के चमकते सितारे — राज्य स्तरीय ट्रायल्स में दिखाएंगे दमखम, खेल प्रतिभाओं ने बढ़ाया जिले का मान।
11 अक्टूबर, 2025
Edit
रूद्रपुर/काशीपुर : (चरनसिंह सरारी) खेलों के क्षेत्र में ऊधमसिंहनगर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने को तैयार है। सिविल सर्विसेज टूर्नामेंट के अंतर्गत 8 व 9 अक्टूबर को मनोज सरकार स्टेडियम रूद्रपुर एवं काशीपुर स्टेडियम में आयोजित जनपदीय ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा विभाग के छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय ट्रायल्स के लिए जगह बनाई है। इनमें मोहित तिवारी (बैडमिंटन), भैरव भट्ट (कुश्ती), अनुकूल मण्डल (शतरंज), नीरज धानिक (टेबल टेनिस), गोकुल कापड़ी व रविन्द्र बसनाल (क्रिकेट) शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों का चयन आगामी 13 व 14 अक्टूबर को देहरादून एवं हरिद्वार में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय ट्रायल्स के लिए किया गया है, जहां वे अपने हुनर और मेहनत से जिले का नाम रोशन करेंगे।इस अवसर पर एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन, जनपद शाखा ऊधमसिंहनगर के सचिव मोहित तिवारी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक मजबूती का माध्यम हैं, बल्कि ये युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आवश्यक है कि प्रत्येक युवक-युवती खेल और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए, ताकि जीवन में अनुशासन, ऊर्जा और सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकें। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है और आशा है कि राज्य स्तरीय ट्रायल्स में भी हमारे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।