सिसोना महाविद्यालय में गूंजा बाबा साहेब के सम्मान का स्वर, प्रतिमा स्थापना को लेकर सौंपा गया प्रस्ताव।
18 फ़रवरी, 2026
Edit
सितारगंज : (चरनसिंह सरारी) शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के केंद्र राजकीय महाविद्यालय सिसोना, सितारगंज में आज उस समय विशेष उत्साह का वातावरण देखने को मिला जब पूर्व छात्र संघ पदाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य से शिष्टाचार भेंट कर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा महाविद्यालय परिसर में स्थापित किए जाने का औपचारिक प्रस्ताव सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व छात्र संघ कोषाध्यक्ष तुषार शर्मा, छात्र संघ अध्यक्ष राजविंदर कौर, मनीषा, नवीन, रोहित, सुषमा, अनीता, अमित सहित अनेक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रबल समर्थक थे, जिनकी प्रतिमा परिसर में स्थापित होने से विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने की निरंतर प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिमा स्थापना से महाविद्यालय में बौद्धिक और नैतिक चेतना को नया आयाम मिलेगा तथा युवा पीढ़ी को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। प्राचार्य ने प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए इसे उच्चाधिकारियों तक प्रेषित करने का आश्वासन दिया, जिस पर उपस्थित छात्रों में उत्साह और संतोष का माहौल देखा गया।