पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों का बड़ा जुटान, उत्तराखंड पत्रकार यूनियन की सितारगंज नगर इकाई का गठन, नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत व एकजुटता का संकल्प।
31 मार्च, 2026
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) नगर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में सितारगंज, नानकमत्ता और शक्तिफार्म क्षेत्र के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा प्रिंट मीडिया से जुड़े लगभग दो दर्जन पत्रकारों की एक अहम और गरिमामयी बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के वरिष्ठ व सक्रिय पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पत्रकार एकता, संगठन की मजबूती और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा पर गंभीर चर्चा की। बैठक में उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार फुटेला, जिला अध्यक्ष कंचन वर्मा, रूपेश कुमार, गुरविंदर सिंह तथा शिवम शर्मा सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से उत्तराखंड पत्रकार यूनियन की सितारगंज नगर इकाई का विधिवत गठन किया गया और नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। संगठन की नई जिम्मेदारियों के तहत चरन सिंह सरारी को सितारगंज, शक्तिफार्म और नानकमत्ता का संयुक्त नगर अध्यक्ष, अमर सिंह यादव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हरिओम को उपाध्यक्ष, प्रवेश राणा को महासचिव, विक्की मंडल को कोषाध्यक्ष, मनोज हालदार को उप सचिव तथा अनिल सागर को मीडिया प्रभारी बनाया गया, जबकि गुरनाम सिंह करनावल, अश्वनी दीक्षित और प्रदीप रस्तोगी को जिला संरक्षक के महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी की घोषणा होते ही कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल बन गया और सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया, साथ ही मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को बधाइयां दी गईं। इस अवसर पर नवनियुक्त नगर अध्यक्ष चरन सिंह सरारी ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और लोकतंत्र में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत संगठन की आवश्यकता हमेशा बनी रहती है, उन्होंने भरोसा दिलाया कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा किसी भी पत्रकार को यदि किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ेगा तो संगठन हर परिस्थिति में उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। वहीं जिला अध्यक्ष कंचन वर्मा ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि नई टीम के नेतृत्व में नगर इकाई और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करेगी तथा क्षेत्र के पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाएगी। प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार फुटेला ने कहा कि सितारगंज में अनुभवी, सक्रिय और समर्पित पत्रकारों की मजबूत टीम मौजूद है, जो संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देगी और प्रदेश में कहीं भी पत्रकारों को संगठन की जरूरत होगी तो यूनियन हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी। बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों के हितों की रक्षा करने, पत्रकारों के सम्मान को बढ़ाने और आपसी एकजुटता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया, जिससे क्षेत्र में पत्रकारिता को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में यह बैठक एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकारों में मनोज राय, नवीन भट्ट निराला, हरिमोहन राणा, राजेश कुमार गुप्ता, बलजीत सिंह, अनिल सागर, सुरेंद्र कुमार, मनोज हालदार, सपन मंडल, प्रदीप रस्तोगी, गुरनाम सिंह करनावल, अश्वनी दीक्षित सहित क्षेत्र के कई अन्य पत्रकार मौजूद रहे और सभी ने संगठन की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।