पुलिस दबिश के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत से मचा हड़कंप, एसएसपी का त्वरित एक्शन—चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार।
29 मार्च, 2026
Edit
नानकमत्ता:(चरन सिंह सरारी) कोतवाली नानकमत्ता क्षेत्र के ग्राम सिद्धा नवदिया में बीते शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस एक गंभीर मामले में वांछित आरोपी कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची थी। पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 137(2), 64, 115, 351(2), 127(2) बीएनएस व 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और इसी बीच एक बुजुर्ग महिला सुखदेव कौर अचानक मौके पर पहुंची तथा तबीयत खराब होने की बात कहते हुए जमीन पर गिर पड़ी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के आदेश दिए तथा जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर को सौंपी गई है। साथ ही प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली नानकमत्ता में तैनात उपनिरीक्षक सुनील कुमार, मुख्य आरक्षी नवनीत कुमार, सिपाही लोकेश तिवारी और महिला सिपाही बबीता रानी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है, जिससे पुलिस महकमे में भी हलचल देखी जा रही है। इधर रविवार को पोस्टमार्टम के बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच बुजुर्ग महिला का शव उनके घर पहुंचाया गया, जहां शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और गांव का माहौल भी गमगीन हो उठा। किसी भी संभावित विवाद या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।इधर कोतवाल सितारगंज सुंदरम शर्मा,कोतवाल किच्छा प्रकाश दानू, कोतवाल नानकमत्ता मंजू पांडे, उधमसिंहनगर एसओजी प्रभारी उमेश कुमार समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं आज कड़ी पुलिस सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी में बुजुर्ग महिला सुखदेव कौर का अंतिम संस्कार कराया गया।