रिजर्व फॉरेस्ट में खनन माफिया पर बड़ी चोट: वन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई में बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार।
26 फ़रवरी, 2026
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रनसाली रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया के मंसूबों पर पानी फेर दिया। गुरुवार को रेंजर महेंद्र सिंह रैकुनी के नेतृत्व में टीम ने कैलाश नदी क्षेत्र में अचानक छापेमारी की, जहां रिजर्व फॉरेस्ट की सीमा के भीतर खुलेआम आरबीएम भरा जा रहा था। टीम को देखते ही चालक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिससे अवैध खनन के संगठित नेटवर्क की आशंका और गहरा गई है। वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है तथा मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आरटीओ को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पट्टे की आड़ में आरक्षित वन भूमि का दोहन किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही सख्त कार्रवाइयों से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।