नानकमत्ता में कांग्रेस का विराट शक्ति प्रदर्शन: राजकुमार ठुकराल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, भव्य रोड शो से गूंजा शहर।
05 अप्रैल, 2026
Edit
नानकमत्ता:(चरन सिंह सरारी) कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के प्रथम बार नानकमत्ता आगमन पर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला, जहां कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका ऐतिहासिक स्वागत कर इसे एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया। जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत हुआ, वहीं मुख्य बाजारों से निकला भव्य रोड शो जनसैलाब में तब्दील हो गया, जिसमें सैकड़ों गाड़ियों का काफिला और हजारों समर्थक शामिल रहे। इस दौरान ठुकराल ने पवित्र गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर माथा टेका और प्रदेश व क्षेत्र की खुशहाली के लिए अरदास की। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने जोशीले अंदाज में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सभी मतभेदों को भुलाकर कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए और प्रदेश में एक मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है और वह हर कार्यकर्ता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष के लिए तैयार हैं। ठुकराल ने भावुक होते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने की साजिशें रची गईं, लेकिन वह हर चुनौती का डटकर सामना करते रहे और अब कांग्रेस ने उन्हें एक नई ऊर्जा और मंच दिया है, जिसका विश्वास वह कभी टूटने नहीं देंगे। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराने के लिए वह दिन-रात मेहनत करेंगे और जनता की आवाज को बुलंद करेंगे। कार्यक्रम में गोपाल सिंह राणा, अजय नारायण सिंह, प्रदीप बेदी, जैला सिंह, सुरेंद्र सिंह करनावल, प्रकाश सिंह, सतनाम सिंह निक्कू, सुखविंद्र सिंह मोमी, पिंटू सिंह, बलवंत सिंह, कृपाल सिंह समेत सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनकी मौजूदगी ने पूरे आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया और नानकमत्ता की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी।