कलेक्शन करके लौट रहा था बैंक का कर्मचारी, बाइक सवार लुटेरों ने लूटे 75 हजार रुपए
09 अक्टूबर, 2021
Edit
रुद्रपुर: ग्रामीण इलाके से कलेक्शन कर लौट रहे बंधन बैंक के कर्मी से धारदार हथियार के दम पर 75 हजार रुपए की लूट का मामला सामने आया है । पुलिस ने बैंक कर्मी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धर-पकड़ शुरू कर दी है । आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है ।
पुलिस को सौंपी गयी तहरीर में बरेली जनपद के बसुधरण जागीर निवानी शील रत्न गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि वो बंधन बैंक की दरऊ मार्ग स्थित शाखा में पब्लिक रिलेशन ऑफिसर के पद पर तैनात हैं । वह गांव में दिए गए लोन उगाई का काम देखता है । शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे वो कलकत्ता फार्म चौकी क्षेत्र के बखपुर से कलेक्शन करके आ रहा था । किच्छा डैम के पास दो बाइक सवार युवकों ने बाइक रोक कर धारदार हथियार के दम पर पैसों से भरा बैग व पर्स छीन लिये और मौके से नौ दो ग्यारह हो गए जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी 112 नंबर पर दी । घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ित को अपने साथ ले गयी । पूछताछ पर पीड़ित ने बताया कि बैग में 71 हजार रुपये व एक टैब, पंच मशीन के साथ उसके पर्स से चार हजार रुपये निकाल कर फरार हो गए । पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है ।