सितारगंज डिग्री कॉलेज में छात्र लोकतंत्र का महासंग्राम, राजविंदर कौर की ऐतिहासिक सुनामी में एवीबीपी धराशायी।
08 फ़रवरी, 2026
Edit
सितारगंज :(चरनसिंह सरारी) राजकीय महाविद्यालय सिसोना, सितारगंज में हाईकोर्ट नैनीताल के आदेश पर 7 फरवरी शनिवार को संपन्न हुए छात्र संघ चुनाव ने छात्र राजनीति के इतिहास में मील का पत्थर स्थापित कर दिया। लंबे कानूनी संघर्ष और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे मामले के बाद जब चुनाव हुए, तो छात्र मतदाताओं ने स्पष्ट और एकतरफा जनादेश देते हुए निर्दलीय प्रत्याशी राजविंदर कौर को रिकॉर्ड 373 वोटों से विजयी बनाया, जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एवीबीपी) के प्रत्याशी गौरव सिंह फर्त्याल को महज 83 वोट ही मिल सके। राजविंदर कौर ने 290 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज कर न सिर्फ पहली बार हुए छात्र संघ चुनाव को ऐतिहासिक बना दिया, बल्कि संगठित राजनीति को भी करारा संदेश दे दिया। उल्लेखनीय है कि चुनाव रोकने के उद्देश्य से गौरव सिंह फर्त्याल द्वारा हाईकोर्ट की डबल बेंच के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी, जिसे शीर्ष अदालत ने खारिज कर सुनवाई से इनकार कर दिया, जिसके बाद चुनाव का मार्ग प्रशस्त हुआ। इस पूरे घटनाक्रम में पूर्व छात्र संघ कोषाध्यक्ष तुषार शर्मा की रणनीतिक भूमिका और सक्रिय समर्थन को भी इस ऐतिहासिक जीत का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।