नानकमत्ता में भावुक पल: कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार को भव्य विदाई, नई कोतवाल मंजू पांडे ने संभाली कमान; नशा, साइबर ठगी और अपराध पर सख्ती का ऐलान।
12 फ़रवरी, 2026
Edit
नानकमत्ता :(चरनसिंह सरारी) नानकमत्ता कोतवाली परिसर में आयोजित एक गरिमामय एवं विदाई समारोह में कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार को शानदार विदाई दी गई, जहां क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने उमेश कुमार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नानकमत्ता क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रही, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी निष्पक्ष एवं दृढ़ प्रशासनिक क्षमता का परिचय देते हुए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय कायम किया। उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में उमेश कुमार ने क्षेत्रवासियों के स्नेह और सहयोग को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि नानकमत्ता की जनता का साथ उन्हें सदैव याद रहेगा और वे भविष्य में भी हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।इसी अवसर पर नानकमत्ता की नई कोतवाल मंजू पांडे ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण करते हुए सख्त संदेश दिया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करने, साइबर क्राइम पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से नानकमत्ता को सुरक्षित और अपराधमुक्त क्षेत्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में पूर्व प्रभारी को शुभकामनाएं और नई कोतवाल का स्वागत करते हुए पूरे थाना परिसर में भावनात्मक माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एचता भास्कर संभल, ग्राम प्रधान बधाइयां भूपेंद्र सिंह, के.एस. कटवाल, ग्राम प्रधान जसपाल सिंह, एसआई संजय कुमार, एसआई राजेंद्र पंत, एसआई सुनील कुमार, एसआई प्रियंका टमटा, कृपाल सिंह, हरिश्चंद्र, नवीन जोशी, प्रकाश आर्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।