आंगनबाड़ी कार्यकर्ती का लापता बेटा दिल्ली से मिला
रूद्रपुर: (सतपाल सरारी) ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र से संदिग्ध हालातों में लापता हुए इंटर छात्र को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया है । बरामद छात्र का कहना है कि वह अपनी मर्जी से घर से गायब हुआ था । जानकारी के मुताबिक ट्रांजिट कैम्प निवासी आंगनबाडी कार्यकत्री बबिता मण्डल का इकलौता पुत्र जय मण्डल जेसीज स्कूल का छात्र है । चार दिन पूर्व वह घर से बिना बताये कहीं चला गया । देर शाम तक जब घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे फोन किया, फोन बंद आने पर परिजनों में हड़कम्प मच गया । उन्होंने कई जगह जय मण्डल की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला थक हारकर बबिता मण्डल ने ट्रांजिट कैम्प थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू कर दी । सर्विलांस की मदद से युवक की लोकेशन दिल्ली में मिली । पुलिस ने दिल्ली पहुंचकर बीती शाम जय को बरामद कर लिया । आज सुबह युवक को पुलिस सकुशल रूद्रपुर ले आई और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया । पूछताछ में जय ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गया था वह दिल्ली में रहकर नौकरी करना चाहता था । पैसे खत्म होने पर उसने वहां अपना मोबाइल भी गिरवी रख दिया था । फिलहाल छात्र की बरामदगी से उसके स्वजनों ने राहत की सांस ली है ।