November तक घोषित होंगे आप पार्टी के सभी प्रत्याशी
काशीपुर:(सतपाल सरारी) आम पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने चंपावत से 2012 का विधान सभा चुनाव निर्दलीय रूप से लड़कर दूसरे स्थान पर रहे मदन सिंह महर तथा चंपावत के ही बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र उप्रेती और एबीवीपी के पूर्व जिला संयोजक संजय गडकोटि को पार्टी की टोपी पहनाकर आम आदमी पार्टी में शामिल कर लिया और कहा कि आने वाले समय में श्री महर ही अपने साथियों के साथ मिलकर चंपावत में पार्टी को आगे बढ़ाएंगे । मोहनिया ने कहा कि नवंबर माह तक आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में अपने सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर देंगी । उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी किसी पार्टी के साथ नहीं बल्कि किसानों के संघर्ष में किसानों के साथ खड़ी है । लखीमपुर खीरी प्रकरण में उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के इस्तीफे और उनके आरोपी बेटे की गिरफ्तारी की मांग की। श्री मोहनिया ने आश्चर्य जताया कि हर बात पर ट्वीट करने वाले प्रधानमंत्री ने लखीमपुर खीरी प्रकरण पर आज तक कोई ट्वीट नहीं किया । यहां रामनगर रोड स्थित आम आदमी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आप प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कहा कि देश में लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस का ही राज है मगर इन दोनों पार्टियों ने विकास की बजाए धर्म और जाति के नाम पर चुनाव जीतकर केवल अपना विकास किया है जनता का नहीं ,जबकि आम आदमी पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने अपने अल्प कार्यकाल से सिद्ध कर दिया है कि वह चुनाव जीतकर केवल जनता के लिए समर्पित रहती है । वह जो कहती है करके दिखाती है । हमने दिल्ली में यह सिद्ध करके दिखाया है और अब उत्तराखंड को चमकाएंगे । एक सवाल के जवाब में श्री मोहनिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपनी नीतियों को क्रमबद्ध तरीके से जनता के बीच ले जाती है और उसकी नीतियां ही ऐसी हैं जो जनता को पूरी तरह पसंद आती है जैसे बिजली गारंटी योजना ,हर घर रोजगार गारंटी योजना । यह दोनों ही योजनाएं उत्तराखंड की जनता को भलीभांति पसंद आ रही हैं और अब उत्तराखंड का बेरोजगार युवा समझ गया है कि उसके सपनों को केवल आम आदमी पार्टी की साकार कर सकती है । आगे भी हम जो योजनाएं लाएंगे वह पूरी तरह जनता के हितों से सीधी जुडी होंगी और उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर सिद्ध होंगी । उन्होंने कहा कि बिजली फ्री देने का विरोध करने वाले नेता मुख्यमंत्री , मंत्री व विधायक पहले अपनी फ्री बिजली का त्याग करें तब जाकर फ्री बिजली का विरोध करें । ऐसा नहीं हो सकता कि मंत्री और विधायक तो फ्री में बिजली लें और जनता महंगी से भी महंगी बिजली खरीदे । फ्री सुविधा लेने का पहला अधिकार जनता का है । श्री मोहनिया ने उत्तराखंड की सरकार को चैलेंज किया कि वहअपने पांच साल के कार्यकाल में अपने विकास के पांच काम गिनाए । एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सभी दलों को चुनाव से पूर्व अपने अपने मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करना चाहिए ताकि जनता को पता चल सके कि कौन सा चेहरा बेहतर विकास कर सकता है । श्री मोहनिया ने कहा कि उत्तराखंड में हर घर को रोजगार योजना आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव का टर्निंग प्वाइंट सिद्ध होगी । उन्होंने कहा कि केवल आम आदमी पार्टी ही ऐसी है जिसने अपने छोटे से कार्यकाल में जनता का विश्वास और भरोसा जीता है । यही भरोसा और विश्वास हम उत्तराखंड की जनता का भी जीतेंगे क्योंकि हमारी मंसा विकास की है । प्रेस बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष दीपक बाली, उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह रावत, काशीपुर महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक, पार्टी के केंद्रीय संगठन मंत्री दिनेश रावत, चंपावत के जिला महामंत्री नारायण सिंह गैड़ा, पवित्र शर्मा, नूर मोहम्मद, वसीम बाबा, आशु भारती, राजेंद्र सैनी, नील कमल शर्मा, मनोज कुमार शर्मा सहित आम आदमी पार्टी के आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे ।