कौसानी के अमोली गधेरे में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से हड़कंप
बागेश्वर:(ब्यूरो) कौसानी थाना अंतर्गत अमोली गधेरे में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया । सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को बागेश्वर ले आई । जहा बाद में महिला के पति द्वारा जिला अस्पताल आकर युवती की शिनाख्त की गई । और इधर, पुलिस की सूचना पर मायके पक्ष के लोग बागेश्वर पहुंचे और उन्होंने मृतका युवती की हत्या की आशंका जाहिर की है।
जानकारी के अनुसार कौसानी के अमोली गांव निवासी 36 वर्षीया दीपा देवी पत्नी जगदीश राम नौ नवंबर से लापता थी । जिसकी खोजबीन के बाद महिला के पति ने कौसानी थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी । इसी बीच गुरुवार की शाम कुछ गांव के लोगो ने अमोली गधेरे के समीप बदबू महसूस की । कुछ दूर जाने पर उन्होंने गधेरे में पत्थर से ढका शव देखा तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई । पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने महिला के शव को जिला मुख्यालय में बने शवगृह में रख दिया । जिसके बाद शुक्रवार की सुबह पुलिस ने जगदीश राम को बुलाकर शिनाख्त कराई । उसकी शिनाख्त दीपा देवी के रूप में हुई । इसके बाद मृतका के मायके को सूचना दी । सूचना मिलने पर मृतका का भाई व मां समेत अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंचे । उन्होंने शक जाहिर किया है कि युवती की हत्या की गई है । फिलहाल मामले में किसी ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है । मृतका की 18 साल की पुत्री व 16 साल का पुत्र है । और मृतका का पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है । कोतवाल डीएल वर्मा, उपनिरीक्षक खष्टी बिष्ट समेत एसओजी इंचार्ज राजेंद्र रावत व वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुंदन सिंह रौतेला ने इस संबंध में कई ग्रामीणों से वार्ता कर आवश्यक जानकारी जुटाई ।