लाखों रूपये का समान लेकर फरार हुए ठग
रुद्रपुर: (सतपाल सरारी) व्यापारी से 1.39 लाख रूपये का सामान उधार लेकर एक शातिर व्यक्ति फरार हो गया । व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है । आरआर क्वार्टर, रुद्रपुर निवासी गुलशन कुमार बठला ने बताया कि उनके पास इंडियन मेडिकल एजेंसी है। सिंह कालोनी में विकास बत्रा पुत्र सोमनाथ किराए में रहता था। विकास आए दिन उसके दुकान से 10 से 20 हजार का सामान खरीदकर ले जाता था। 15 सितंबर 2021 को वह दुकान पर आया और 1.93 लाख रुपये का सामान लेने के बाद उधार में देने की बात कहीं। उसके इंकार करने पर उसने उसे एचडीएफसी बैंक का हस्ताक्षर युक्त चैक दिया। कहा कि 15 अक्टूबर तक वह 1.93 लाख का नकद भुगतान कर देगा। विकास बत्रा की बातों में आकर उसने उसे उधार दे दिया। काफी समय बीतने के बाद भी वह दुकान में नहीं आया और रुपये भी वापस नहीं किए। जब उसने विकास के नंबर पर काॅल किया तो वह बंद मिला। इसके बाद वह उसके सिंह कालोनी स्थित आवास पर गया तो ताला लगा हुआ था। इस दौरान उसे पता चला कि विकास बत्रा अन्य 20 लोगों से भी लाखों रूपये लेकर फरार हो गया है। गुलशन कुमार बठला ने पुलिस से आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।