हत्याकाण्ड के बाद गांव में भारी फोर्स तैनात,सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
नानकमत्ता: (ब्यूरो) घर पर सो रहे बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धारा 302 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एहतियातन पुलिस और पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम वनगवा थाना खटीमा निवासी जगीर सिंह पुत्र गुरुदत्त सिंह विगत दिवस अपने पुत्र कुलवंत सिंह के ससुराल ग्राम ध्यानपुर आया था। मंगलवार रात को घर के आंगन में वह चारपाई पर मच्छरदानी लगा कर सो रहा था। उसकी पुत्रवधू रजविंदर कौर तथा उसकी बहन लविंदर कौर घर के अंदर सो रही थी। रात्रि गोली की आवाज सुनकर बाहर आई तो देखा कि ससुर जगीर सिंह खून से लथपथ था और चिल्ला रहा था। बहू ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष केसी आर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे घटना की जानकारी ली। क्षेत्राधिकारी मनोज ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल जगीर सिंह को 108 एंबुलेंस नानकमत्ता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया गंभीर स्थिति को देखते हुए नागरिक चिकित्सालय खटीमा भेजा गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भर मृतक को परिजनों को सौंप दिया। गोली की घटना गांव में आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। मृतक की बहू की तहरीर पर पुलिस ने पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धारा 302 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गयी है।