बाइकों की भिड़ंत होने से तीन गंभीर
काशीपुर: कुंडेश्वरी चैकी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर बाइकों की हुई जबरदस्त भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रूप से लहुलुहान हो गये। घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय लाया गया। जानकारी के मुताबिक कुंडा गांव थाना कुंडा निवासी अजीम पुत्र भूरे पेशे से कारपेंटर है। पता चला है कि सुबह वह बाईक पर सवार होकर कुंडेश्वरी में रह रही बहन के घर से वापस अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान कुंडेश्वरी चैकी क्षेत्र में विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य मोटरसाईकिल की बाईक से करारी भिड़ंत हो गयी। हादसे की चपेट में आकर अजीम गंभीर रूप से लहुलुहान होकर बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे राजकीय चिकित्सालय लाया गया। इसी तरह कुंडेश्वरी रोड पर बालाजी मंदिर के समीप एक्सीडेंट की एक अन्य घटना में मौहल्ला काजीबाग निवासी सानू पुत्र छोटे खां व कुमायूं कालोनी निवासी पुनीत वर्मा पुत्र देवेन्द्र वर्मा गंभीर रूप से जख्मी हो गये। पता चला है कि दुर्घटना के इस मामले में भी दो बाईकों की सुबह सबेरे आमने-सामने भिड़ंत हो गयी। तीनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय लाया गया है। घायलों में एक ही हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।