बच्ची को मारने वाला तेंदुआ पिंजरे में कैद
नैनीताल(ब्यूरो) पांच वर्षीय बच्ची को मारने वाले तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया गया है। फिलहाल कैद हुआ तेंदुआ आदमखोर है इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। विभाग द्वारा तेंदुआ की लार के सैंपल परीक्षण को भेजे जाएंगे जिससे स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बता दें कि मंगलवार देर शाम चोपड़ा ग्राम सभा के दांगड़ तोक निवासी मोहन सिंह जीना की पांच वर्षीय बेटी राखी पर तेंदुआ ने हमला कर दिया था। परिजनों के समय रहते पहुंचने पर तेंदुआ बच्ची को आंगन पर ही छोड़ कर भाग गया। गुलदार के हमले में बच्ची बुरी तरह जख्मी हो गई थी। जिसे तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। बुधवार को बच्ची के परिजनों और ग्रामीणों ने तेंदुए को मारने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। ग्रामीणों द्वारा तेंदुआ को मारने के आदेश नहीं होने तक बच्ची का अंतिम संस्कार नहीं किए जाने का ऐलान किया था जिसके बाद डीएफओ बीजूलाल टीआर मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने आदमखोर तेंदुए को मारने के आदेश जारी किये और पीड़ित परिवार को मुआवजे का चेक भी दिया। तेंदुए को मारने के आदेश होने के बाद देवीधुरा निवासी हरीश धामी को शिकारी नियुक्त कर क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी गई थी। साथ ही तेंदुआ को पकड़ने के लिए क्षेत्र में दो पिजरे भी विभाग द्वारा लगाए गए। शिकारी और वनकर्मियों को रात भर की गई गश्त के दौरान जंगल में तेंदुआ नहीं दिखा। मगर सुबह क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हो गया। फिलहाल तेंदुए को रेस्क्यू सेंटर रानीबाग भेजा गया है। जिसके लार के सैंपल लेकर परीक्षण को देहरादून भेजे जाएंगे। परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आदमखोर है अथवा नहीं। परीक्षण रिपोर्ट आने तक शिकारी वन कर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त करते रहेंगे।