ड्यूटी से घर लौट रहे सुरक्षाकर्मी की रोडवेज बस की चपेट में आकर दर्दनाक मौत
काशीपुर: (ब्यूरो) साईकिल पर सवार होकर ड्यूटी से घर लौट रहे सुरक्षाकर्मी की देर रात रोडवेज बस की चपेट में आकर मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गयी। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। उधर, आरोपी बस चालक मौके पर वाहन छोड़कर घटना स्थल से फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक श्यामपुरम् कालोनी थाना आईटीआई निवासी अजीत सिंह (55) पुत्र करतार सिंह बाजपुर रोड स्थित एक फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड की नौकरी किया करता है। बताते हैं कि बीती रात्रि लगभग 8 बजे ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह साईकिल पर सवार होकर वापस घर की और लौट रहा था, इसी दौरान बाजपुर रोड पर डिग्री कॉलेज के समीप रोडवेज बस संख्या यूपी30एटी-2644 के चालक नाम पता अज्ञात ने तेजी व लापरवाही से साईकिल में टक्कर मारकर सुरक्षा कर्मी को मौत के घाट उतार दिया। घटना के घटते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी, इस दौरान खतरा भांप आरोपी बस चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस को जैसे ही एक्सीडेंट की सूचना मिली, उसने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम कराने के बाद शव आज परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक के एक पुत्र व तीन पुत्री है। उसके तीन बच्चों की शादी हो चुकी है, उसकी अभी एक पुत्र अविवाहित है। मृतक के पत्नि की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। खबर लिखे जाने तक मृतक परिजनों द्वारा मामले की तहरीर पुलिस को देने की तैयारी चल रही है।