कंपनी का कर्मी पांच लाख लेकर फरार, मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर: (सतपाल सरारी) ट्रांजिट कैंप पुलिस ने जयदुर्गा पैकर्स कंपनी से पांच लाख की नकदी लेकर फरार कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक सिडकुल, प्लांट नंबर 96 स्थित जयदुर्गा पैकर्स कंपनी के राजेंद्र कुमार जिंदल ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा था कि कंपनी में वार्ड नंबर 10, गुरु हरसराय, फिरोजपुर, पंजाब निवासी सुनील पुत्र रेशम कार्यरत था। उनकी दूसरी फर्म शिमला पिस्तौर लालपुर में है। आवश्यकता के अनुसार एक प्रतिष्ठान से दूसरे प्रतिष्ठान में रुपयों को लाने और ले जाने का काम भी सुनील किया करता था। चार सितंबर को कंपनी आकर सुनील ने बताया कि उसका मोबाइल खो गया है। पांच सितंबर को सुनील व उनका चालक राजीव शर्मा को उसने शिमला पिस्तौर लालपुर स्थित प्रतिष्ठान में पांच लाख रुपये ले जाने के लिए भेजा। आरोप है कि शाम सात बजे दोनों रूद्रपुर-नैनीताल रोड पर 31वीं वाहिनी पीएसी गेट के सामने पहुंचे तो सुनील ने राजीव शर्मा से गुटखा लेने की बात कहकर कार रोकने को कहा। इसके बाद रुपयों का बैग लेकर सुनील कार से उतर गया। काफी समय बीतने के बाद भी वह वापस नहीं आया। इस पर उसकी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। कंपनी स्वामी की शिकायत पुलिस से की। ट्रांजिट कैंप थाने के इंस्पेक्टर धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।