हेमकुंड साहिब के खुले कपाट , पंच प्यारों की अगुवाई में श्रीगुरुग्रंथ साहिब का दरबार साहिब में हुआ प्रकाश।
22 मई, 2022
Edit
रुद्रप्रयाग:(चरनसिंह सरारी) जो बोले सो निहाल सतश्रीकाल.... के जयकारों के साथ श्री हेमकुंड साहिब के कपाट रविवार को सुबह दस बजे विधि विधान से खोल दिए गए। पंच प्यारों की अगुवाई में पांच हजार श्रद्धालु इस क्षण के साक्षी बने। करीब नौ बजे पंच प्यारों की अगुवाई तथा गुरुग्रंथ साहिब की रहनुमाई में पालकी साहिब में श्री गुरुग्रंथ साहिब को दरबार साहिब में लाकर प्रकाश किया गया।रविवार सुबह दस बजे पंच प्यारों की अगुवाई में पांच हजार श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब में मत्था टेक मन्नते मांगी ओर पवित्र सरोवर में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। पंच प्यारों की अगुवाई में गोविंदघाट गुरुद्वारे से पांच हजार तीर्थयात्रियों का पहला जत्था शनिवार दोपहर घांघरिया पहुंचा था। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के साथ ही जिला प्रशासन की ओर से हेमकुंड साहिब, घांघरिया व अन्य यात्रा पड़ावों में सभी यात्रा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया था।हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुई। श्रीगुरुग्रंथ साहिब को सचखंड से लाकर दरबार साहिब में रखकर प्रकाश किया गया। इसके बाद सुबह 10 बजे सुखमणि साहिब का पाठ हुआ। इसके बाद हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। शब्द कीर्तन के बाद दोपहर में 12:30 बजे हेमकुंड साहिब में इस साल की पहली अरदास हुई।