सड़क तो उखड़ी नही पर पैसे की बंदरबांट का टेंडर पास, पालिका ने की वार्ड न०-7 में आवागमन के लिये सुलभ सड़क को उखाड़कर लाखों खर्च करने की तैयारी।
22 मई, 2022
Edit
वार्डवासियों ने चेयरमैन को कच्ची, जलभराव वाली दुखदायी सड़कों के निर्माण की दी सलाह।
सितारगंज:(ब्यूरो)सितारगंज के वार्ड नं०-7 में एक बगैर उखड़ी सड़क का टेंडर पास हो गया। जबकि टूटी हुई सड़क तो हर विभाग बनाता ही है। मगर नगर पालिका आवागमन के लिहाज से ठीक व सुलभ टाइल्स सड़क को उखाड़कर लाखों का सरकारी धन खपाने में लगा हुआ। जिसका वार्डवासियों ने विरोध कर चेयरमैन को नगर पालिका क्षेत्र के नहरपार, बलीनगर, जीएस कालोनी आदि में अन्य कच्ची, जलमग्न सड़को के जनहित में निर्माण कराने की सलाह दी है।नगर के वार्ड न०-7 में टाइल्स रोड निर्मित है। वार्डवासियों का कहना है कि टाइल्स रोड आवागमन के लिए सुलभ है। वार्डवासी इस सड़क को उखाड़कर बनाने में सरकारी पैसे की बर्बादी मान रहे हैं। मगर नगरपालिका के इंजीनियरों ने यातायात के लिहाज से ठीक सड़क को खराब दर्शा दिया। जिसके बाद सही सड़क का टेंडर भी पास कर दिया है। लाखों रुपए के इस टेंडर को ठेकेदार ने भी ले लिया है। ठेकेदार जब सही सड़क को उखाड़ने पहुचा तो लोग हैरत में पड़ गए। उन्होंने कहा कि सड़क सही हालत में है उसे उखाड़ कर दोबारा बनाना सरकारी पैसे की बर्बादी से कम नही है। वार्ड के लोगों ने चेयरमैन को सड़क के सही होने की जानकारी दी। उन्होंने चेयरमैन से कहा कि उनकी सड़क बिल्कुल ठीक है। उन्होंने चेयरमैन को सलाह दी कि वह नगरीय क्षेत्र में अन्य कच्ची और जलभराव वाली सड़कों का निर्माण कराएं। कच्ची और जलभराव वाली सड़क बनने के बाद वहां रहने वाले लोगों को आवागमन के लिए सुविधा भी मिलेगी। इससे नगर पालिका की कार्यशैली पर प्रभावितों और क्षेत्रवासियों में सकारात्मक प्रभाव भी पड़ेगा। हालांकि सही सड़क को दोबारा उखाड़कर बनाने के मामले में बाजार में चर्चाओ का शिलशिला जारी हैं।