मिलन से किष्किंधा पर्वत तक की रामलीला ने किया श्रद्धालुओं को भावविभोर।
29 सितंबर, 2025
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) नगर में चल रही ऐतिहासिक रामलीला के मंचन ने रविवार को दर्शकों को रामायण की अमर गाथा में डूबो दिया। लीला का शुभारंभ उस भावुक प्रसंग से हुआ, जब प्रभु श्रीराम सीता जी की खोज करते हुए शबरी के आश्रम पहुंचे। वर्षों से प्रभु की प्रतीक्षा कर रही भक्ति स्वरूपा शबरी ने मार्ग में फूल बिछाकर और प्रेमपूर्वक बेर खिलाकर श्रीराम का स्वागत किया। प्रभु ने शबरी से हालचाल जानकर आगे का मार्ग पूछा और फिर किष्किंधा पर्वत की ओर प्रस्थान किया। वहीं उनकी मुलाकात परम भक्त हनुमान जी से हुई, जिन्होंने प्रभु के बारे में भलीभांति जानकारी प्राप्त कर उनका परिचय सुग्रीव से कराया। तत्पश्चात श्रीराम ने सुग्रीव के दुख को समझा और उसे बलि के अन्याय से मुक्त करने का वचन दिया। मंचन में श्रीराम और बाली के युद्ध का रोमांचक दृश्य देख श्रद्धालु ‘जय श्रीराम’ के उद्घोषों से गगनभेदी नारे लगाने लगे। पूरे पंडाल में भक्तिभाव का ऐसा वातावरण बना कि लोग मंत्रमुग्ध होकर लीला का आनंद लेते रहे। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष राकेश त्यागी, उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल, महामंत्री भीमसेन गर्ग, कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता सोनू, आशीष पांडे, अमित रस्तोगी, दीपचंद कौशल, राजेंद्र सिंह चौहान, बंटी कौशल, सुरेश जैन, धर्मा देवी, कमला देवी, नीरज सहित अनेक गणमान्य व नगरवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और रामलीला मंचन की भव्यता की सराहना की।