धान खरीद को लेकर सख्त हुए एसडीएम, बोले- किसानों को नहीं होनी चाहिए कोई परेशानी, सभी केंद्रों पर पूरी हों व्यवस्थाएं -
30 सितंबर, 2025
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) आगामी धान खरीद सीजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। एसडीएम सितारगंज रविन्द्र कुमार जुवांठा ने मंगलवार को केंद्र प्रभारियों, राइस मिलरों और किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कहा कि 3 अक्टूबर से क्षेत्र के 20 खरीद केंद्रों पर धान की खरीद शुरू हो रही है, लिहाजा केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं तत्काल पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में कतई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कांटे, बारदाना, पीने के पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराना केंद्र प्रभारियों की जिम्मेदारी होगी। एसडीएम ने राइस मिलरों को भी सख्त हिदायत दी कि खरीदे गए धान का भंडारण और चावल की कुटाई में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें, अन्यथा कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके धान का भुगतान समय पर मिलेगा और उन्हें किसी भी तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। साथ ही किसानों को नमी के मानक का पालन करते हुए धान पूरी तरह सुखाकर लाने की सलाह दी, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने कहा कि हर किसान धान बेचने से पूर्व रजिस्ट्रेशन और टोकन लेना सुनिश्चित करे। बैठक में सितारगंज मंडी सचिव विनोद चन्द्र पलड़िया, एस.एम.आई. सितारगंज विनय चौधरी, एस.एम.आई. नानकमत्ता ललित मोहन ओली, ए.डी.ओ. ललिता राणा, राइस मिलर्स एसोसिएशन सितारगंज अध्यक्ष सौरभ सिंघल, विनोद अग्रवाल, मुकेश गर्ग, किसान नेता नवतेज पाल,किसान नेता जसवंत सिंह जस्सा, डॉ. जगदेव सिंह, रणधीर सिंह बल, अनिरुद्ध राय समेत बड़ी संख्या में किसान व व्यापारी मौजूद रहे।