सितारगंज जेल में 36 विदेशी अपराधी कैद, 32 नेपाली और 4 चीनी – नशे की तस्करी से लेकर गंभीर अपराधों तक में लिप्त, जेल प्रशासन पर बढ़ा बोझ, सुरक्षा एजेंसियां सख्त निगरानी में।
02 अक्टूबर, 2025
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) केंद्रीय कारागार सितारगंज में विदेशी कैदियों का बड़ा खुलासा सामने आया है जिसने शासन और सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया है। जेल के आंकड़ों के अनुसार इस समय 36 विदेशी कैदी यहां सजा काट रहे हैं, जिनमें 32 नेपाल के और 4 चीन के नागरिक शामिल हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि इन कैदियों में अधिकांश एनडीपीएस एक्ट के तहत नशे के कारोबार और तस्करी जैसे गंभीर मामलों में पकड़े गए हैं। इनकी गिरफ्तारी के बाद पूरी जानकारी भारत सरकार द्वारा नेपाल और चीन के दूतावासों को भेज दी गई है। गृहमंत्री अमित शाह के आदेशों के बाद पूरे देश की जेलों में विदेशी कैदियों की सूची बनाई जा रही है, जिसके क्रम में सितारगंज जेल का यह खुलासा सामने आया है। जेल प्रशासन का कहना है कि विदेशी कैदियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। हालांकि जेल अधिकारियों का यह भी कहना है कि विदेशी अपराधियों की देखरेख और रख-रखाव का पूरा खर्च भारतीय जेल प्रशासन वहन कर रहा है, जिससे न केवल जेल पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर चुनौती खड़ी हो रही है। अब यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर विदेशी अपराधी इतनी आसानी से भारत में घुसपैठ कैसे कर लेते हैं? क्यों हमारी जेलें विदेशी अपराधियों से भर रही हैं? और कब तक भारतीय करदाताओं का पैसा विदेशी अपराधियों के भरण-पोषण पर खर्च होता रहेगा।