सितारगंज का गौरव बढ़ा: ग्रीनवुड स्कूल के बच्चों ने नासा में किया भारत का नाम रोशन — अमेरिका की 10 दिवसीय शैक्षिक यात्रा में अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीकी नवाचार और अमेरिकी संस्कृति का लिया अद्भुत अनुभव।
17 अक्टूबर, 2025
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) क्षेत्र के प्रतिष्ठित ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर सितारगंज का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विद्यालय के कक्षा 9 से 12 तक के मेधावी छात्रों ने अमेरिका में आयोजित नासा स्पेस एजेंसी की 10 दिवसीय शैक्षिक यात्रा में भाग लेकर अंतरिक्ष विज्ञान, आधुनिक तकनीकी शोध और वैज्ञानिक नवाचारों की गहराइयों को करीब से जाना। इस यात्रा के लिए विद्यालय के छात्रों और प्रधानाचार्य डा. पुनीत गोयल का चयन नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में हुए अंतिम साक्षात्कार के बाद किया गया, जो विद्यालय और पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है।यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर में शटल लॉन्च सिम्युलेटर, सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण सत्र, आई-मैक्स 3डी अंतरिक्ष फिल्में, रॉकेट गार्डन, रोबोट स्काउट, अपोलो/सैटर्न सेंटर सहित अनेक उन्नत प्रोजेक्ट्स का अनुभव प्राप्त किया। नासा के वैज्ञानिकों से संवाद कर छात्रों ने अंतरिक्ष अन्वेषण और प्रौद्योगिकी की नई दिशाओं के बारे में ज्ञान अर्जित किया। इस दौरान उन्होंने विशाल रॉकेटों के लाइव प्रदर्शन और शैक्षिक कार्यशालाओं में भाग लेकर अपने करियर को नई दिशा देने की प्रेरणा ली।छात्रों ने इसके अलावा ऑरलैंडो के यूनिवर्सल स्टूडियो, सी वर्ल्ड, डिज्नी मैजिक किंगडम तथा न्यूयॉर्क शहर के मैनहट्टन, ब्रुकलिन, एलिस द्वीप, फ्रीडम टॉवर, स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी और टाइम्स स्क्वायर का भी भ्रमण किया, जिससे उन्हें अमेरिका की समृद्ध संस्कृति और आधुनिक जीवन शैली की झलक देखने को मिली। इस शैक्षिक यात्रा का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय टूर कम्पनी कंट्री टूर एंड ट्रेवल्स द्वारा किया गया।विद्यालय के प्रबंधक श्री गोपाल सिंह बिष्ट ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय और पूरे सितारगंज क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि क्षेत्र के विद्यार्थियों ने वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय की अगली अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक यात्रा जून 2026 में अमेरिका की सिलिकॉन वैली, लॉस एंजेल्स और पुनः नासा स्पेस एजेंसी के लिए आयोजित की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा हर वर्ष छात्रों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से ऐसी शैक्षिक यात्राओं का आयोजन निरंतर किया जाएगा, जिससे छात्र न केवल वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करें, बल्कि भारत का नाम भी विश्व पटल पर उज्ज्वल करें।