विकासखंड में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ — पंचायत सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर ग्राम निर्माण और सुशासन पर रहेगा मुख्य फोकस।
15 अक्टूबर, 2025
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) विकासखंड मुख्यालय सितारगंज में सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ब्लॉक विकास अधिकारी (वीडीओ) सितारगंज ने किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, संवैधानिक अधिकारों और वित्तीय प्रबंधन के बारे में प्रशिक्षित कर उन्हें मजबूत बनाना है, ताकि वे अपने क्षेत्र में सुशासन और विकास की मजबूत नींव रख सकें। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को 73वें संविधान संशोधन, उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम 2016, त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था, क्षेत्र पंचायत गठन, अधिकारों, वित्तीय संसाधनों, बजट निर्माण, निधि प्रबंधन, कराधान व्यवस्था, राज्य एवं केंद्रीय वित्त आयोग के प्रावधानों, स्थायी समितियों के गठन, पंचायत अभिलेखों के रखरखाव एवं प्रमाणन की विधियों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी।प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को समूह कार्य, व्यवहारिक अभ्यास एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी कराया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यशाला में पंचायत विकास योजना, गरीबी उन्मूलन, आजीविका संवर्धन, आत्मनिर्भर ग्राम, स्वच्छ एवं हरा-भरा गांव, जल संरक्षण, महिला एवं बाल हितैषी पंचायतों की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों जैसे सहायक विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर विभिन्न विषयों पर समूह चर्चा, प्रस्तुतीकरण और पंचायत के अभिलेखों की प्रमाणिकता संबंधी अभ्यास हुए, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को जागरूक एवं सक्षम बनाकर ग्राम स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण की दिशा में ठोस कदम बढ़ाना है।