रावण-दहन के साथ गूंजा जय श्रीराम, हजारों की भीड़ ने उत्साह से मनाया दशहरा पर्व।
02 अक्टूबर, 2025
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) रामलीला मैदान में विजयदशमी के पावन पर्व पर इस वर्ष भी भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देते हुए रावण और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतलों का धूमधाम से दहन किया गया। पटाखों और आतिशबाजी से गगन गुंजायमान हो उठा और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट व जय श्रीराम के नारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया। नगर ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में लोग इस ऐतिहासिक क्षण को देखने पहुंचे। रामलीला कमेटी द्वारा नगर के मुख्य चौक पर आयोजित राम-भरत मिलन का अद्भुत दृश्य देखकर लोग भाव-विभोर हो उठे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और नगरपालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने रामलीला कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम की भव्यता को बढ़ाने में रामलीला कमेटी अध्यक्ष राकेश त्यागी सहित भीमसैन गर्ग, पवन अग्रवाल, अमित रस्तोगी, राजू हरियाणवी, संजय गोयल, संदीप (सोनू), सुरेश जैन, हरीश दुबे, रोशन लाल, महेश मित्तल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रावण-दहन के इस अवसर पर उमड़ी अपार भीड़ और उत्साह ने दशहरा पर्व को ऐतिहासिक बना दिया।