गांधी-शास्त्री जयंती पर सौरभ बहुगुणा ने अर्पित किए श्रद्धासुमन, बोले– उनके आदर्शों से ही सशक्त होगा नया भारत।
02 अक्टूबर, 2025
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने सितारगंज स्थित आवास पर उनकी तस्वीरों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और संयम के मार्ग से भारत को स्वतंत्रता दिलाई, वहीं शास्त्री जी ने अपने अदम्य साहस और सादगी से देश को कठिन परिस्थितियों में मजबूती से संभाला। उन्होंने कहा कि "जय जवान, जय किसान" का नारा आज भी हर भारतीय के दिल में गूंजता है और किसानों व सैनिकों के सम्मान की पहचान है। बहुगुणा ने कहा कि आज जब भारत नए आयाम छू रहा है, तब गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्श ही वह मार्गदर्शक प्रकाशस्तंभ हैं जो हमें सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भाव को अपनाकर राष्ट्र के विकास में योगदान दें। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गांधी और शास्त्री जी जैसे महापुरुषों की स्मृतियां सदैव हमें कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और राष्ट्रप्रेम की सीख देती रहेंगी।